पश्चिम चंपारण: प्राचीन रामजानकी मंदिर से साधुओं का सामान चोरी, पुलिस जांच में जुटी

जिले के चनपटिया स्थित प्राचीन रामजानकी मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम कर रहे साधु-महात्माओं के धार्मिक उपयोग की वस्तुएं अज्ञात चोरों ने चोरी कर लीं।

पश्चिम चंपारण: प्राचीन रामजानकी मंदिर से साधुओं का सामान चोरी, पुलिस जांच में जुटी
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पश्चिम चंपारण: जिले के चनपटिया स्थित प्राचीन रामजानकी मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम कर रहे साधु-महात्माओं के धार्मिक उपयोग की वस्तुएं अज्ञात चोरों ने चोरी कर लीं। घटना के बाद मंदिर प्रबंधन ने चनपटिया थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, यह मामला चनपटिया के बिनटोली स्थित रामजानकी मंदिर घाट चौक का है। बाहर से आए साधु भटुमन दास ने बताया कि रात में मंदिर परिसर में विश्राम के दौरान साधु ध्रुव दास के दो कवंडल और एक ग्लास चोरी हो गया। इस घटना के बाद साधु-महात्माओं को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

मंदिर की पुजारिन कैलासी देवी ने बताया कि मंदिर के आसपास अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। उन्होंने कहा कि करीब एक वर्ष पहले भी मंदिर में स्थापित शिवलिंग को उखाड़कर फेंक दिया गया था। उस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था।

ताजा घटना को लेकर मंदिर प्रबंधन ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चनपटिया थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग प्रशासन से की है।

लगातार हो रही घटनाओं ने धार्मिक आस्था के इस प्राचीन मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरी की घटना में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है।